"ना किसी हमसफ़र, ना किसी हमनशीं से निकलेगा,
हमारे पैर का काँटा है, हमीं से निकलेगा ।"
लोग आपको अथाह सलाह देंगे, कभी रास्ते की सघनता और विकटता के बारे में, कभी काँटे की नोक और तीखी धार के बारे में, और बाबू मोसाय कुछ लोग आपके लहूलुहान पैर देखकर खेद भी प्रकट करेंगे लेकिन कोई आपका काँटा नहीं निकालेगा। उसकी चुभन का दर्द आपको ही बर्दाश्त करना है। अगली बार पैर में ना चुभे ये हुनर भी आपको ही डेवेलप करना है, और अगर चुभ जाए तो दर्द को बर्दास्त करके कर्त्तव्य पथ पर कैसे बढ़ते जाना है, ये भी आपको ही सीखना है। तो इस छोटे से पोस्ट का सार ये ही कि किसी की सहानुभूति और सहयोग, या पथ-प्रदर्शन की चिंता ना करो, अपनी नाव लो और पतवार मारते निकल पड़ो जीवन रूपी समुन्द्र में, और साहब, सफल हुए वास्को डी गामा बनोगे या कोलम्बस दुनिया आपको ही याद रखेगी, और अगर असफल हुए तो सागर की उफान मारती लहरें तुम्हारे सफ़र और साहस का सदियों तक गान करेंगी।
-अविनाश पाण्डेय
मेरी कवितायेँ बस चन्द अल्फ़ाज़ नहीं हैं, कुछ भावानाएँ हैं जो पन्नों में बिखरी हैं, उन्हें शब्दों में पीरोने की एक कोशिश है, कुछ यादें हैं जो अरसे से शब्दों की तलाश में थे, और उन्ही यादों में कुछ धूमिल से चेहरे, जिनको लिखने की कोशिश है...
Tuesday, January 17, 2017
पैर का काँटा
Wednesday, January 11, 2017
एकला चलो रे
निर्भरता से कमजोरी का प्रादुर्भाव होता है | निर्भर मन में कभी भी रचनात्मक विचार नहीं पनप सकते | स्वाधीन और स्वतंत्र मन से लिए गए निर्णय से विश्वास और साहस की उत्पत्ति होती है | सफलता उन्ही की दासी रही है जिन्होंने स्वयं के निर्णय में विश्वास और आस्था रखा है |
ना वृक्ष की छाया,
ना हवा का साथ,
ना प्रश्न, ना उत्तर,
ना दिशा ,ना द्वंद्व
कर एकाग्र मन
और एकला चलो रे |
ना साथी ना दुश्मन ,
ना भूख ना भय ,
कर स्वयं पथ प्रशस्त
और एकला चलो रे |
सितारों का हाथ पकड़,
सूरज को रथ बना ,
मन शांत रख और विश्वास रख ,
ले उठा कर से गोवर्धन
और एकला चलो रे |
-अविनाश पाण्डेय 'अवि'
Sunday, January 8, 2017
दो नयन
दो नयन तुम्हारे प्यार भरे,
कुछ कहते इनको कहने दो,
दो नयन निराले मतवाले,
पलकों पर इनको रहने दो !
मदहोश निराली ये ऑंखें,
जिनपर पलकों का पहरा है,
जिनमें तेरा ही चेहरा है,
चाहत से भरे पैगाम को प्रियतम,
दो नयन निराले मतवाले,
चुपके से इशारा करने दो |
प्यासे मन की अभिलाषा हैं,
सागर में उठती मौज हैं ये,
हैं भ्रमर भी ये, मधुशाला हैं |
इस दिव्य ज्योति के किरण पुंज से,
प्रेम का दीपक जलने दो |
मुझको भी शराबी बनने दो |
दो नयन तुम्हारे प्यार भरे,
अधरों पर इनको रहने दो |
प्यासे मन की अभिलाषा हैं,
जो कह न सके इन होठों से,
उस प्यार की ये परिभाषा हैं |
इन अधरों की ख़ामोशी हैं,
साहिल में भी तूफ़ान हैं ये,
ये विरह व्यथा को कहते हैं,
सब कुछ इनको ही कहने दो,
दो नयन तुम्हारे प्यार भरे,
कुछ कहते इनको कहने दो |
---------------------------------
Thursday, January 5, 2017
दोमुंहा साँप
घर पर बैठा मैं हाथ सेक रहा था, सूरज किसी कोने में छिप गया था और कई दिनों से उसके दर्शन नहीं हुए थे। विचारों में डूबा मैं चाय की चुस्की लेता दुनियादारी सोच रहा था तभी दूर से डमरू की आवाज़ सुनाई दी। मदारी मदारी कहके बच्चे दौड़ रहे थे...
मेरी भी जिज्ञासा बड़ी और मेरे अंदर का बच्चा जीवित हो गया, और चल पड़ा मैं भी। मदारी ने तरह तरह के खेल दिखाये, कभी सिक्के को गायब किया और कभी हड्डी से पानी में आग लगा दी। बच्चे खुश और स्तब्ध थे। खेला समाप्ति की और बढ़ रहा था तभी मदारी ने एक पिटारा निकाला जिसमे सबने सोचा की कोई विषहीन भुजंग नागराज होगा लेकिन जब पिटारा खोला तो अज़ीब वाक़या हुआ। उसमे से एक दोमुंहा सांप निकला।
बच्चे बड़े ही उत्सुकता भरी आँखों से उसे देख रहे थे और मेरे अंदर का बच्चा भी कुछेक पल विस्मय में डूब गया पर सोच के सागर में हिलोरें चली और विस्मय का जगह एक गहरी सोच ने ले लिया। दिनकर की मनुष्य और सांप के विपरीत मुझे ये लगने लगा कि शायद सर्प आज कल के मनु वंशियों से बेहतर हैं। क्योंकि वो तो अपने स्वभाव के अनुरूप कर्म करते हैं परंतु मनुष्य हर तरह से श्रेष्ठ अनादि काल से स्वभाव के विपरीत कर्म करता रहा है। यह जीभ निकाल के दंश नहीं मारता वरन यह चुपके से घात लगा के हमला करता है, और भाई इसके दो मुँह भी होने लगे हैं आज कल। तो कौन बेहतर है, मनुष्य या सर्प?
-अविनाश पाण्डेय 'अवि'
आक्रोश
प्रधानमंत्री मेरे बड़े शान से कहते हैं कि भारत ऐसा देश है जहाँ स्त्रियाँ देवियाँ है और पूजी जाती है। प्रधानमंत्री जी क्या पूजा ऐसे की जाती है? स्त्री जहाँ भोग की वस्तु है वहां क्या ऐसे दावे करना गलत नहीं है? आप निर्भया को भूल गए होंगे, जो लोग इंडिया गेट पर कैंडल जलाने गये थे वो भी भूल गए होंगे, पर मेरे अंदर गुस्सा अभी भी है क्योंकि हर पल कोई ना कोई निर्भया हैवानियत की शिकार होती है और प्रधानमंत्री जी, आपके साथ बैठे हुए नेता गण ऐसी टिपण्णी जब करेंगे तो मैं किससे सवाल जवाब करूँगा? बताइये जरा? बात बस पक्ष-परिपक्ष की नहीं है बात है अब भारत की अस्मिता का।
Thursday, December 22, 2016
चलो अब कुछ नया आजमाते हैं
आसमानों में बहुत उड़ लिए,
अब पांव जमीन पे लाते हैं,
चलो अब कुछ नया आजमाते हैं!
नए रिश्तों में प्यार की इबारत,
फिर से जीने का जूनून,
और मासूम मुस्कान में शरारत ,
ताज़गी हवा में प्यार घोलती,
उन भ्रमरों के गुंजन को नव गान बनाते हैं,
चलो ना यार, कुछ नया आज़माते हैं !!
रचे नवल किरदार बहुत,
उन गीतों, उन कहानियों की ,उस पनघट की,
राधा की गगरी को, उस कान्हा की मस्ती को,
अब फिर जीवंत बनांते हैं,
चलो यार अब कुछ नया आजमाते हैं !
Friday, December 16, 2016
भारत जमीन का टुकड़ा नहीं !!
जीता जागता राष्ट्रपुरुष है।
हिमालय मस्तक है,
गौरीशंकर शिखा है,
कश्मीर किरीट है,
पंजाब और बंगाल दो विशाल कंधे हैं।
विंध्याचल कटि है, नर्मदा करधनी है,
पूर्वी और पश्चिमी घाट दो विशाल जंघाएँ हैं,
कन्याकुमारी इसके चरण हैं, सागर इसके पग पखारता है।
पावस के काले काले मेघ इसके कुंतल केश हैं ,
चाँद और सूरज इसकी आरती उतारते हैं
यह चन्दन की भूमि है, अभिनन्दन की भूमि है,
यह तर्पण की भूमि है, यह अर्पण की भूमि है।
इसका कंकर-कंकर शंकर है,
इसका बिन्दु-बिन्दु गंगाजल है।
हम जियेंगे तो इसके लिये
मरेंगे तो इसके लिये।
और मरने के बाद गंगा में बहती हुई हमारी हड्डियों को कोई कान लगाकर सुनेगा तो एक ही आवाज़ आएगी - भारत माता की जय
-अटल विहारी बाजपेयी