Monday, February 13, 2023

यथार्थ

 जब पेड़ से गिरा सेब तब न्यूटन ने ढूंढा ग्रेविटी

मैं कोई न्यूटन तो नहीं मगर 

इस पेड़ की छाँव में बैठकर मैंने ढूंढा प्रेम तुम्हारा !!


अगर ग्रेविटी एक यथार्थ है – 

समय से भी परे है 

तो मेरा प्रेम भी यथार्थ की परिमिति है

समय की सीमा से बंधा नहीं नहीं है !!


तुम्हारे प्रेम की तरफ खींचा चला गया हूँ मैं वैसे ही जैसे - 

ग्रेविटी खींचती है चीजों को अपनी तरफ!!

मैं कितना भी ऊपर क्यों ना चला जाऊं

पुकारता है तुम्हारा प्रेम, 

देने के लिए मुझे धरातल

ताकि मैं स्थिर रहूँ !!


मैं हमेशा तुम्हारे नाम से जाना जाऊंगा अब

ठीक ऐसे ही जैसे न्यूटन जाने जाते है ग्रेविटी से

पूरक हैं हम एक दूसरे के क्यूंकि -

तुम्हारा प्यार मेरा वजूद है

मेरा होना इसका सबसे बड़ा सबूत है 

ग्रेविटी बांधे है जैसे संपूर्ण ब्रह्माण्ड को 

वैसे ही बंधा हूँ मैं अपने अस्तित्व से !

-अवि

Thursday, December 23, 2021

कुछ नज़्म लिखूँ

मैं चाहता हूँ कुछ नज़्म लिखूं,
कुछ कविता, कुछ पंथ, ग़ज़ल नए,
कुछ अपना संसार लिखूं,
जीवन के कोरे पन्नों पर तेरा ही प्यार लिखूँ!

कुछ तुम्हारी मुस्कान पर,
कुछ मासूमियत पर,
कुछ उस गुस्से पर
कुछ हुश्न पर तो एकाध सादगी पर!

Tuesday, June 15, 2021

रिटायरमेंट

मैंने कभी तुम्हे अकेला नहीं देखा,

घिरे रहते थे तुम हमेशा

लोगों से

बड़े सुकून से देखा था तुम्हे –

लम्बे लम्बे नक्शों को जोडती लकीरें खीचते!

 

वो कैलकुलेटर जो तुम्हारे साथ बूढ़ा हुआ,

वो लकड़ी की कुर्सी, जिसके निचे तुम फोम वाली

गद्दी लगाके बैठते थे,

और वो बाबा आदम के ज़माने का बक्शा जिसमे ऑफिस के

सब कागजात समेट कर रखे थे,

वो कलर्ड पेन्सिल्स जो तुम्हे चुनाव में मिली थीं

वो स्केल, मार्कर, पेन, और वो जंग लगी आलपिन का डब्बा !!

 

एक तुम नहीं थे, एक दुनिया थी तुम्हारे साथ ....

ये सब रिटायर हो जायेंगे तुम्हारे साथ!!

- अवि

Friday, June 11, 2021

धर्मसंस्थापनार्थाय

तुम, तुम बलात्कारियों को बचाने के लिए दंगे करते हो,
कभी तिरंगा लेकर,
कभी धर्म का झंडा लेकर,
कभी काला कोट पहनकर जो शायद तुम्हें संविधान के रक्षार्थ मिला है,
धर्म का चोला पहनकर इंसानियत बदनाम करते हो,
और हर कुकृत्य को धर्म की नज़र से देखते हो,
अस्मिता लूटने वाले अमानुषों को बचाने की कोशिश करते हो!
और कोशिश इसलिए क्योंकि वो तुम्हारे धर्म का है,
कोशिश क्योंकि तुम उसे अपना रहनुमा मानते हो!
तुम ऐसे समूह से भी हो जो कुछ धर्म विशेष की घटनाओं पर ही विरोध करते हैं!
तुम कहीं बोलते हो तो कहीं किसी धृतराष्ट्र की सभा में 'भीष्म' मौन धारण कर लेते हो!
तुम चीखों में मज़हब ढूंढते हो,
और इसीलिए ऐसे लोगों को समर्थन देते हो जो तुम्हारे जाति, मज़हब का होता है!! 
क्योंकि उन्होंने तुम्हारे अंदर एक डर भर दिया है कि तुम्हारा धर्म खतरे में है,
और वो खतरा, समाज में खाई पैदा कर रहा है,
दीवार बना रहा है!!

लेकिन परमेश्वर की सबसे अतुल्य कृति, सबसे प्रबुद्ध मनु की संतानों सुनो - 
वो उद्घोष किसी कालखंड का नहीं था, समय सबका इतिहास लिखेगा!! शर-शैय्या पर बैठकर तुन्हें अपने मृत्यु को देखना होगा, 
गर्दन तुम्हारी धरा पर वैसे ही गिरेगी और तुम्हारे जंघे वैसे ही टूटेंगे-

"....परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम् ।
धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे ।।"

Tuesday, April 17, 2018

हवाएँ

जहरीली हो रहीं हवाएं,
पंछियों का कलरव,
और भ्रमरों का गुंजन,
सुन्न पड़ा है,
हर तरफ ना जाने क्या करने की आपाधापी है,
स्याहियां चेहरे पर फेंकी जा रही!!
कवियों, अब तुम ही बाहर आओ, 
चेतना-क्रांति भरो कविता में,
हुंकार भरो नए सवेरे की लिए!
-अवि

Saturday, April 14, 2018

पहचान मेरी मत पूछो

घनघोर तिमिर में आस हूँ मैं,
रवि-सा तेज प्रकाश हूँ मैं,
अडिग ज्योति हूँ झंझावातों में,
मानव की पहचान हूँ मैं,
विकराल हूँ ,साकार हूँ ,
शिव-शंभू की अवतार हूँ मैं,
हूँ प्रेम-मूर्ति,पावन सदैव ,
हर-गंगे की ललकार हूँ मैं ||१||

हूँ तेज-तीव्र ,मन-कंचन–निर्मल,
बहती निश्चल पर्वत पर कल-कल ,
हूँ मलय-समीर, हूँ अनल मैं,
सत्य की रणभेदी,सिंहनाद हूँ मैं ,
मैं हूँ श्रृष्टि का आदि-बीज,
प्रेम ज्ञान से जग को सींच,
कर कल्याण अतुल्य, दे अभय दान,
यमराज से छीन लायी प्राण! ||२||

अग्नि में सीता की पावित्र्य मैं,
पद्मिनियों का चारित्र्य मैं,
वेदों में अतुलित व्याख्यान मैं,
चर-अचर में विद्यमान मैं,
युग चेतन की प्रखर ज्वाल मैं,
स्वातंत्र्य-वेदी पर समर्पित भाल मैं,
पराक्रम-शौर्य का अमिट इतिहास मैं,
श्रुति-धृति, मर्म मैं, अटल धर्म-प्रभास मैं ||३||

अबला नहीं ,सबला हूँ मैं,
हूँ दुर्गा की काया मैं,
मैं धाय-पन्ना माता-सी,
लक्ष्मी-सती की प्रतिछाया मैं,
निर्भया हूँ मैं, रेवती हूँ मैं,
माता-भगिनी-बेटी हूँ मैं ,
संपूर्ण समाहित खुद में,
हर कर्म में अधिकारी हूँ मैं ||४||


परमेश्वर की अतुलित कृति हूँ मैं,
अद्भुत-अकल्पनीय सृष्टि हूँ मैं,
विस्तृत नभ हूँ मैं, अविकारी हूँ मैं,
स्तुति मैं, तेज़ मैं, चिंगारी हूँ मैं,
मैं उपवन हूँ, जीवन में फुलवारी हूँ,
सृष्टि-चक्र में भागीदारी हूँ मै,
पुण्य मैं प्रसून मैं, सिंह की सवारी हूँ मैं,
नारी हूँ मैं ,नारी हूँ मैं, नारी हूँ मैं !!!!! ||५||
“बालिका अहं बालिका नव युग जनिता अहं बालिका ।
नाहमबला दुर्बला आदिशक्ति अहमम्बिका ।।“ 
-“नारी की अखंडता ,त्याग,साहस,सौन्दर्य,कर्त्यव्यपरायणता को समर्पित”
-अविनाश पाण्डेय “अवि ”


Saturday, March 31, 2018

तस्वीर तुम्हारी लिख दूँ

तस्वीर तुम्हारी लिख दूँ, 
या खुद कविता मैं बन जाऊं,
जीवन के कोरे पन्नों पर, 
काव्य सृजन अब कर जाऊं, 
तस्वीर तुम्हारी.....!!! 
मुस्कान पर ग़ज़ल लिखूं या 
होंठों पर मधुपान लिखूं, 
माथे की बिंदियाँ पर सूरज लिखूं, या 
जुल्फों पर बादल का उपमान लिखूं, या 
आँखों में बहती मोती को, 
पारस का श्वेत-श्रृंगार लिखूं, 
प्यार के दीप को इस आंधी में, 
प्रखर प्रज्वलित कर जाऊं!! 
तस्वीर तुम्हारी लिख दूँ, 
या खुद कविता मैं बन जाऊं!, 

यादों की ईंटों से मीनार लिखूं 
या बन खंडहर खुद दफ़न हो जाऊं, 
उन पन्नों से प्रेम-ग्रन्थ लिखूं, 
या जला कर हृदय तप्त कर जाऊं , 
बन शिव पी जाऊं गरल अतीत, 
नाम अमर अब कर जाऊं !! 
तस्वीर तुम्हारी लिख दू अब, 
या खुद कविता मैं बन जाऊं!! 

-अविनाश पाण्डेय "अवि" 


Tuesday, October 31, 2017

माँ अचार नहीं खाती

माँ अचार तो नही खाती,
मगर रखती है बनाके, जारों में,
उन मेहमानों के लिए जो चंद दिनों के लिए आते हैं,
कभी दिवाली में, होली, लोहरी, ईदों मे आते हैं,
अलग अलग चेहरे लिए, अलग अलग साइज में आते हैं!!
हर बार यही सोचता हूँ कि आखिर -
'माँ अचार क्यों बनाती है' ?

Sunday, September 10, 2017

आज मैं कितना अकेला

आज फिर मैं अकेला,
मेरे सपने मेरे जज़्बात ,
एक कोने में बैठा अतीत का याद,
कभी खुद से लड़ता, कभी उदास,
सोचता कभी,कभी सहसा अट्ठहास,
रूठे अपने,टूटे सपने,
भविष्य का भय,
वर्तमान को संजोने का प्रयास,
इन उलझनों में सिमटता,
आज मैं कितना एकांत कितना अकेला !

Tuesday, September 5, 2017

शिक्षक

मेरे पूज्य गुरुजन,

कबीर ने कहा था- "गुरु पारस को अन्तरो, जानत हैं सब सन्त, वह लोहा कंचन करे, ये करि लये महन्त "  अर्थात गुरु और पारस में अंतर होता है, पारस तो लोहे को सोना बना देता है लेकिन एक गुरु अपने शिष्य को अपने समान बना देता है । वह अपने ज्ञान गागर में से सब कुछ खाली करके अपने शिष्य को दे देता है .
मेरे गुरुजन, मैंने कभी भी आपको प्यार नहीं किया, हमेशा मैं आपको एक अलग नफरत से देखता रहा. और देखूं भी ना क्यों, आपने गणित की जटिल समस्याओ से लेकर इतिहास की पुराने से पुराने युद्धों की तिथियों को आप ने हमें याद करा दिया था. वो सभी विषय जो मुझे बिलकुल भी पसंद नहीं थे वो भी आप की वजह से पढ़ा मैंने. कितना सताया है आप लोगों ने? हिंदी और अंग्रेजी की नक़ल राइटिंग में थोड़ा भी मात्रा इधर उधर होने पर आपकी डांट और उसी शब्द को सौ बार लिखने की सजा, ओह्ह कितना भयावह था वह।  सुबह की प्रार्थना की लाइन से लेकर शाम को छुट्टी की घंटी बजने तक मैं यही सोचता था की कैसे समय बीत जाए और मैं इस स्कूल रूपी कैद से भाग जाऊं.

समय बीतता गया, क्लास-दर-क्लास मैं आगे बढ़ता चला गया, वो सभी सीख जो मैंने एक एक क्लास में आपसे ग्रहण किया था वो जाने अनजाने में मुझे निखारता चला गया और आज ये सोचता हूँ की कौन ऐसा प्राणी होगा जिससे मैंने कभी अच्छा ना माना लेकिन उसने बड़ी सहजता और निःस्वार्थ भाव से अपना सर्वस्व मेरे पर निछावर  कर दिया क्यूंकि शायद वह ही पहला शख्स था जिसने मेरे माँ-पिता के बाद मेरे में एक इंजीनियर, एक नेता या एक भविष्य देखा था और उस भविष्य को रचने में वह बाहर से क्रूर ह्रदय बना रहा, मेरे आस पास, मेरे मन में अज्ञान का जो खर पतवार उग आया था उसे बड़ी तल्लीनता से वो हटाता रहा और मुझे आगे बढ़ने निखरने के लिए जो चाहिए था सब दिया. वह बस वो प्राणी नहीं था जो मेरा होमवर्क, मेरे एग्जाम के कॉपी घर ले जाके चेक करता था, वह लाल पेन से मेरी गलतियों को सुधारने वाला मात्र नहीं था,  वह तो वो था जिसने हर तरह से मुझे अन्धकार में जलने के लिए प्रेरित किया.

मैं आज जो कुछ भी हूँ उन्ही गुरुजनो की बदौलत हूँ, नहीं तो मैं तो कुछ भी नहीं. मेरे गुरुजन, आज मैं भी आपकी तरह संपूर्ण स्वार्थ का त्याग करके उस मार्ग पर निकला हूँ जिसके लिए आपने मुझे तरासा था । कठिनाइयां तो हैं ही, कांटे भी हैं, जिनसे कभी कभी मेरा पैर लहूलुहान हो जाता है, लेकिन हार नहीं मानूंगा |
बाधाएँ आती हैं आएँ
घिरें प्रलय की घोर घटाएँ
पावों के नीचे अंगारे
सिर पर बरसें यदि ज्वालाएँ
निज हाथों में हँसते-हँसते
आग लगाकर जलना होगा
कदम मिलाकर चलना होगा |

मेरे गुरुजन, मुझे शक्ति और सामर्थ्य दें ताकि अब मैं इस समर में -न दैन्यम न पलायनम का उद्घोष करते हुए आगे बढूं और उस कर्म को सिद्ध करूँ जिसके लिए आपने मुझे निखारा, संवारा, सींचा, और आगे बढ़ने, अच्छे और सामाजिक काम करने की लिए प्रेरित किया |
कोटिशः नमन गुरुवर ।

Saturday, September 2, 2017

अभिव्यक्ति चाहता हूँ

चाह नहीं मेरी कविता सुन,
कवि मुझे पुकारा जाये,
चाह नहीं विचार सुन मेरे
बात युगों तक दुहराई जाए,
ना कवि ना विचारक
ना कोई और संज्ञा चाहता हूँ,
बस इस "बेबस" दुनिया को
संजीवनी देना चाहता हूँ,
एक मनु होने के नाते
विचारों की अभिव्यक्ति चाहता हूँ...
कलम बंधी है आज
और निष्पक्षता पर प्रश्न खड़े है
उस कलम को फिर मैं
एक पहचान देना चाहता हूँ,
उस सोई हुई आवाजों में
सिंघनाद देना चाहता हूँ,
अभिव्यक्ति नई चाहता हूँ...

-अविनाश कुमार पाण्डेय

Saturday, August 19, 2017

अंधकार अनिवार्य है

हर प्रदीप की पृष्टभूमि में
अंधकार अनिवार्य है .
बिना सघनता क्षुद्र विरलता
कर सकती विस्तार नहीं,
बिना मिले परिवेष शून्य का,
सज पाता आकार नहीं,
हर प्रदीप की पृष्टभूमि में
अंधकार अनिवार्य है .

Monday, August 14, 2017

नटकठ कान्हा को देखा क्या??

पीठ पर मोटा बस्ता लिए ,
आंखों में सपने लिए,
हाथ में मुरली, बालों में मोर पंख,
चेहरे पर वो नटकठ मुस्कान,
गले में हार, पीताम्बर पहने
नन्हें कृष्ण को आज तुमने देखा क्या?
नही देखा तो जाके देख लो ना?

अरे हाँ, कान्हा कभी अकेला नही होता,
उसके साथ राधा भी तो है,
हरे रंग की चुनरी ओढ़े,
रूप मोहिनी, श्रृंगार में उर्वशी को मात देती,
माथे की बिंदिया, हरी पीली लाल चूड़ियां,
कान के झुमके, बाज़ुबंद, नाक की नथ
पग में छम छम करते पाजेब
मासूमियत मुस्कान पहने,
एक उंगली से पिता का हाथ थामें,
उस राधा के बिना कृष्ण की कल्पना अधूरी है!!!

कुछ सालों बाद कृष्णा बड़ा होगा,
सो राधा भी बड़ी होगी,
उस राधा पर पाबंदियाँ बढ़ेंगी,
पाजेब की खनक तक को कोसा जाएगा,
पहरे और बंदिसों का एक दौर शुरू होगा!!
वैसे भी इन राधा-कान्हा के लिए कहाँ है ये सभ्य दुनिया,
उन्हे तो पैदा होते ही गला घोंट देते हैं आज कल!!

-अविनाश पाण्डेय "अवि"

Saturday, June 17, 2017

माँ और पिता

माँ


माँ…माँ संवेदना है, भावना है अहसास है

माँ…माँ-माँ संवेदना है, भावना है अहसास है

माँ…माँ जीवन के फूलों में खुशबू का वास है,

माँ…माँ रोते हुए बच्चे का खुशनुमा पलना है,

माँ…माँ मरूथल में नदी या मीठा सा झरना है,

माँ…माँ लोरी है, गीत है, प्यारी सी थाप है,

माँ…माँ पूजा की थाली है, मंत्रों का जाप है,

माँ…माँ आँखों का सिसकता हुआ किनारा है,

माँ…माँ गालों पर पप्पी है, ममता की धारा है,

माँ…माँ झुलसते दिलों में कोयल की बोली है,

माँ…माँ मेहँदी है, कुमकुम है, सिंदूर है, रोली है,

माँ…माँ कलम है, दवात है, स्याही है,

माँ…माँ परामत्मा की स्वयँ एक गवाही है,

माँ…माँ त्याग है, तपस्या है, सेवा है,

माँ…माँ फूँक से ठँडा किया हुआ कलेवा है,

माँ…माँ अनुष्ठान है, साधना है, जीवन का हवन है,

माँ…माँ जिंदगी के मोहल्ले में आत्मा का भवन है,

माँ…माँ चूडी वाले हाथों के मजबूत कधों का नाम है,

माँ…माँ काशी है, काबा है और चारों धाम है,

माँ…माँ चिंता है, याद है, हिचकी है,

माँ…माँ बच्चे की चोट पर सिसकी है,

माँ…माँ चुल्हा-धुंआ-रोटी और हाथों का छाला है,

माँ…माँ ज़िंदगी की कडवाहट में अमृत का प्याला है,

माँ…माँ पृथ्वी है, जगत है, धूरी है,

माँ बिना इस सृष्टी की कलप्ना अधूरी है,

तो माँ की ये कथा अनादि है,

ये अध्याय नही है…

…और माँ का जीवन में कोई पर्याय नहीं है,

और माँ का जीवन में कोई पर्याय नहीं है,

तो माँ का महत्व दुनिया में कम हो नहीं सकता,

और माँ जैसा दुनिया में कुछ हो नहीं सकता,

और माँ जैसा दुनिया में कुछ हो नहीं सकता,

तो मैं कला की ये पंक्तियाँ माँ के नाम करता हूँ,

और दुनिया की सभी माताओं को प्रणाम करता हूँ.


पिता
पिता…पिता जीवन है, सम्बल है, शक्ति है,
पिता…पिता सृष्टी मे निर्माण की अभिव्यक्ती है,
पिता अँगुली पकडे बच्चे का सहारा है,
पिता कभी कुछ खट्टा कभी खारा है,
पिता…पिता पालन है, पोषण है, परिवार का अनुशासन है,
पिता…पिता धौंस से चलना वाला प्रेम का प्रशासन है,
पिता…पिता रोटी है, कपडा है, मकान है,
पिता…पिता छोटे से परिंदे का बडा आसमान है,
पिता…पिता अप्रदर्शित-अनंत प्यार है,
पिता है तो बच्चों को इंतज़ार है,
पिता से ही बच्चों के ढेर सारे सपने हैं,
पिता है तो बाज़ार के सब खिलौने अपने हैं,
पिता से परिवार में प्रतिपल राग है,
पिता से ही माँ की बिंदी और सुहाग है,
पिता परमात्मा की जगत के प्रति आसक्ती है,
पिता गृहस्थ आश्रम में उच्च स्थिती की भक्ती है,
पिता अपनी इच्छाओं का हनन और परिवार की पूर्ती है,
पिता…पिता रक्त निगले हुए संस्कारों की मूर्ती है,
पिता…पिता एक जीवन को जीवन का दान है,
पिता…पिता दुनिया दिखाने का एहसान है,
पिता…पिता सुरक्षा है, अगर सिर पर हाथ है,
पिता नहीं तो बचपन अनाथ है,
पिता नहीं तो बचपन अनाथ है,
तो पिता से बडा तुम अपना नाम करो,
पिता का अपमान नहीं उनपर अभिमान करो,
क्योंकि माँ-बाप की कमी को कोई बाँट नहीं सकता,
और ईश्वर भी इनके आशिषों को काट नहीं सकता,
विश्व में किसी भी देवता का स्थान दूजा है,
माँ-बाप की सेवा ही सबसे बडी पूजा है,
विश्व में किसी भी तिर्थ की यात्रा व्यर्थ हैं,
यदि बेटे के होते माँ-बाप असमर्थ हैं,
वो खुशनसीब हैं माँ-बाप जिनके साथ होते हैं,
क्योंकि माँ-बाप के आशिषों के हाथ हज़ारों हाथ होते हैं
क्योंकि माँ-बाप के आशिषों के हाथ हज़ारों हाथ होते हैं।

~ ओम व्यास ओम

Tuesday, April 18, 2017

काश भगवान तू ना होता!!

क्या होता दुनिया मे सिर्फ़, सिर्फ़ इन्सान होते!
ना जाति, ना धर्म, ना वर्ण, ना रंग,
ना देश, ना तकरार, ना हथियार, ना जंग
ना बंधन ना बाधाएं,
ना सिमटी सीमाएं,
ना आगे बढ़ने का होड़,
ना झूठ-फ़रेब की जठजोड़
ना ईर्ष्या, ना लोभ,
ना द्वेष,  ना क्षोभ,
मनुष्य स्वच्छन्द होकर विचरण करता,
प्रकृति के अद्वितीय स्वरूपों को निहारता,
तब मुझे नहीं लगता किसी भगवान की जरूरत होती।

Saturday, April 1, 2017

जरा सोचिये


था बोया बीज एक किसान ने!
बीज, जो अपने भाग्य से था अनभिज्ञ ,
भविष्य से अनजान ,मासूम, नादान!
गया धरती के गर्भ में,
सोचा कहाँ होगा मेरा अस्तित्व ?
शायद मैं बीज ही अच्छा था !
सांस थी फूली, था डरा !
आया तरस प्रकृति को,
चली मंद पवन बूँदें बरसी जरा!
हुआ अंकुरित था संशय में,
बाल बुद्धि वह संकुचित !!
समय के प्रवाह में, प्रकृति से लड़कर हुआ बड़ा,
था मुदित विजय मद में, शान से जो था खड़ा,
पर जब नजरें दौड़ाई तो देखा ,
वह अकेला नहीं था ,
शायद अकेला किसी काम का भी नहीं होता |
मित्र मण्डली में मिल, होने लगा तरुण,
कहते हैं कुछ खर पतवार
उग आये थे उस बाग़ में,
दोष धरा का ना, ना रामू का था,
बसप्रकृति को उसका
यूँ सीधे बढ़ना गंवारा ना था |
कहते हैं विद्वान, तप कर लोहा, लोहा बनता है,
पा तप अग्नि का पीत स्वर्ण सूरज सा चमकता है,
बस यही बात उस नव पौध ने धारण किया,
किया संघर्ष हुआ पोषक, पुत्र व्रत पालन किया,
संग्रहित किया कुछ भी नही खुद के लिए
जो किया कर्म वो था जन क्षुधा पूर्ति के लिए |
पर हाय री मानवता, तूने कैसा कुकृत्य रचा,
कर अपने पारितोषक का भक्षण,मानवता को शर्मसार किया,
निजता निज विकास की होड़ में, कर दिया संहार बड़ा
हुई धरा नंगी प्रकृति में है संताप बड़ा  |

पर आ होश में ताज मूढ़ आवेश मद,
जब धरा  धरणी का श्रृंगार ही नहीं
तब तेरा भी अस्तित्व नहीं ,
मिलता है फल हर पुण्य सुकृत्य का,

पर तेरा कुकृत्य तो काफी बड़ा है!

Saturday, March 25, 2017

रेवती

                                  
दुनियां में आना गलती थी ना जाने किस प्रयोजन से आ गयी ? शायद उसे आना ही नहीं चाहिए था । पर यह उसकी गलती नहीं थी । माँ के गर्भ में उसे मारने की असफल साजिशें और पैदा होने के कुछ वर्षों तक उस मासूम को मारने की संपूर्ण तरीके नाकामयाब हो गए । हाँ, शायद नियति की यही मंजूर था । आज भी वह प्रकृति के अद्वितीय स्वरूपों को देखकर खुश होती रेवती यह सोचती की उसे आने से क्यों रोका जा रहा था । वह भी तो अपने माँ बाप का अभिन्न अङ्ग थी ?
रेवती की जिज्ञाषा को नाकारा नहीं जा सकता , पांच साल की ही अवस्था में उसने घरेलू कामों में माँ का हाथ बंटाना अपना दिनचर्या बना लिया
था  ।
बाप की शराब की लत और माँ की ख़ामोशी और समाज में फैली दुर्व्यवस्था अज्ञानता ही शायद वो कारण थे जो रेवती को इस दुनिया में आने के बाद भी उसे स्कूल की चौकठ तक ना जाने
दिए । इस व्यवस्था से लड़ती उसकी माँ एक दिन मिटटी का तेल डालकर आत्महत्या कर ली और छोड़ दिया उस अभागन को इस दुनियां में !!
उसके पिता के पास जब शराब के लिए कुछ ना बचा तो उसने बेंच दिया ना ना नहीं नहीं , समाज को दिखाने के लिए उसकी शादी कर दी । चौदह साल की रेवती उस समय बेहोश थी और उसके पिता ने उसे फेरा दिलवाया।
मासूम कली जो समय से पहले खिलने पर मजबूर हो गयी , उसे अनेकानेक तरह की प्रताणनाए दी जाने लगी ।
आज, चूँकि रेवती ने एक बच्चे के बजाय एक कन्या को जन्म दिया है इसलिये उसके  ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया । कोई कुछ ना बोला , छोड़ दिया उसे इस दुनियां में !!
वह रेवती अब इलाहाबाद आ गयी है। कभी किसी कवि की कविता में "पत्थर तोड़ती है " तो कभी "उन भेड़ियों "से बचती फिरती है ।और  ना जाने कब तक?? छाया में बैठी उसकी बेटी जो रोटियां तॊड रही है हमसे यह प्रश्न पूछ रही है की "क्या ये नियति ने लिखा या हमने??"क्या उसकी या उन जैसों की यही नियति है ?? ज़रा सोचिए ।

                                 

केशव अब देर ना करो.

केशव अब देर ना करो.

समय ने ली अब करवट कि, केशव,
तिमिर घनघोर होता जा रहा,
विषाक्त हो रही हवाएं अब केशव
बसेरा पंछियों का उजड़ता जा रहा,
हाहाकार है चहुँ ओर केशव,
पायल बजने से डरती है अब,
लहू का खेल है चहुँ ओर केशव,
आवाजें स्वतंत्र, दबती जा रही ||1||

पुत्र-मोह में धृतराष्ट्र फिर अँधा हुआ है,
सभ्यता फिर समाज में नंगा हुआ है,
पटकथाएं लाक्षागृह की लिखी जा रही हैं,
द्रौपदी धर्मराजों की सभा में चीखी जा रही
सकुनियों ने रचा है नव षड्यंत्र केशव,
पितामह भीष्म भी खामोश बैठा!!
हर द्रौपदी के चिर को है खतरा है केशव,
दुःशासनों की तादाद बढ़ती जा रही !! ||२||

प्रलय की एक छोर पर मानव खड़ा है,
नखों को तेज़ किये दानव बना है,
छिपा है रूप मारीच कई अब,
आया है साधु-वेश में रावण नीच अब,
वेद-प्रवचन को पाखंड का पर्याय करके,
बने स्वघोषित ईश्, मनुजता को असहाय करके,
मंदिरों-मस्जिदों में अस्मिता लूटती हैं अब,
अबलाएँ तेरे सामने चीखतीं हैं अब  ||३||

किया था ग्राह से गजराज का ज्यों तार केशव,
दिया था अर्जुन को जैसे गीता का सार केशव,
किया था से ज्यों शिशुपाल का संहार केशव,
दिया था सुदामा का ज्यों उद्धार केशव,
कहाँ हो इस संकट की घडी में केशव?
भूल गए प्रण, लिए थे जो कुरुक्षेत्र के समर में?
वही विश्वरूप की है हमें है इंतजार केशव
तज बांसुरी कर लो सुदर्शन धार केशव ||४||

Monday, March 6, 2017

मैं शब्द हूँ

मैं शब्द हूँ,
सृष्टि के आदि से लेकर मानव के प्रगति का हस्ताक्षर हूँ
कहीं पत्थरों पर चोट करके अंकित हुआ,
तो कहीं हृदय पटल पर ना दिखने वाला हूँ।
मैं कुछ वर्णमाला और व्याकरण का बस मेल नहीं
मैं पावस और पावन वर्तनी का आलेख हूँ।
मैं शब्द हूँ।

रात की खामोशी में हूँ
तो पक्षियों के कलरव में हूँ,
पर्वतों को चोट करती गँगा की धार में हूँ
तो ताज़गी घोलती पूर्वा बयार में हूँ ।
मैं शब्द हूँ ।।

मैं शंकर के डमरू में हूँ
तो काबे की अज़ान में हूँ,
ठंड में ठिठुरते फ़क़ीर के दुआ में हूँ
तो बिन बोले माँ के आशीर्वाद में हूँ।
हाँ मैं शब्द हूँ !!
बस शब्द हूँ!!

Wednesday, January 18, 2017

क्या लिखूं

कभी- कभी मेरा मन अतीत के यादों में खो जाता है. उन यादों को,जब मैं कागज पर अवतरित करने की सोचता हूँ तो अपने को असमर्थ पाता हूँ . उन धुंधली तश्वीरो को बनाना वास्तव में काफी कठिन काम है. मेरी इसी असमर्थता को बयां करती मेरी कविता-

जब शब्द नहीं आते हो,
विचार बने मिट जाते हो,
कुछ करने ना करने की लाचारी हो
तब क्या लिखूं?
                                  जब हर एक क्यारी के पौधे ,
                                  हो जाये यूँ सडे खड़े,
                                  जब भाव-वेदना की ज्वाला ,
                                  सो जाये यूँ मरे पडे,
                                 तब क्या लिखूं?
                                                                       
जीवन की सार्थकता पर ,
खडे हों प्रस्न अनगिनत,
झंझावत सी उठती क्रोधाग्नि,
मन को जलाये अनवरत,
तब मैं क्या लिखूं?
-अविनाश पाण्डेय “अवि”